
शराब के लिए पैसे मांगने पर मारपीट, चाकू दिखाकर दी जान से मारने की धमकी; बदमाश गिरफ्तार
देवास। शुक्रवारिया हाट में शराब पीने के लिए रुपये मांगने और इनकार करने पर मारपीट कर चाकू दिखाकर धमकाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने 20 वर्षीय अयान पिता आसिम बेग निवासी कबीट कॉलोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से खटकेदार धारदार चाकू भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को सिल्वर कॉलोनी निवासी रिजवान शेख ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि शुक्रवारिया हाट में अयान ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज और मारपीट की तथा जेब से चाकू निकालकर जान से मारने की धमकी दी।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 534/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर सूचना, भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 28 सितंबर को अयान को गिरफ्तार किया। उसके पास से चाकू बरामद होने पर प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 भी जोड़ी गई।
पुलिस के मुताबिक, अयान के खिलाफ कोतवाली थाने में पहले से मारपीट और गाली-गलौज सहित अन्य मामले दर्ज हैं। अवैध हथियार रखने के मामले में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के दो प्रकरण पहले दर्ज हो चुके हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।