
# थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार की सूझबूझ और कुशल नेतृत्व का कमाल, 48 घंटे में हरेन्द्र हत्याकांड का खुलासा कर पत्नी और प्रेमी को पहुंचाया सलाखों के पीछे!
**लखीमपुर खीरी।** संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के निषादनगर घोला में हुए चर्चित हरेन्द्र हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार के कुशल नेतृत्व और पुलिस टीम की तत्परता से हत्या के मामले में मृतक की पत्नी अनीता देवी और उसके प्रेमी गुरजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को निषादनगर निवासी हरेन्द्र (30) का शव गांव के बाहर खेत की ओर जाने वाले चकरोड पर पड़ा मिला था। युवक की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी अनीता देवी और गांव के ही गुरजीत सिंह के बीच करीब छह वर्षों से प्रेम संबंध थे। हरेन्द्र द्वारा इसका विरोध किए जाने पर दोनों ने कथित तौर पर उसकी हत्या की योजना बनाई। 17 नवंबर की रात गुरजीत और अनीता ने हरेन्द्र को गांव के बाहर सूबेदार के गन्ने के खेत के पास चकरोड तिराहे पर बुलाया, जहां बांका और लोहे की पाइप से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने पुलिस टीम के साथ तेजी से जांच आगे बढ़ाई और 20 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर संपूर्णानगर-पलिया मार्ग स्थित बहादुरनगर तिराहे से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गुरजीत सिंह की निशानदेही पर गन्ने के खेत से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित लोहे का बांका, लोहे की पाइप तथा घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े और जूते भी बरामद किए हैं।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार के साथ उपनिरीक्षक जय प्रकाश यादव सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को संपूर्णानगर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 166/2026, धारा 3(5)/103(1) बीएनएस के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
48 घंटे में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार और उनकी टीम ने पुलिस की सक्रियता और तत्परता का परिचय दिया है। #highlightseveryone #chandanchoki #UPRation #मैलानी #paliakalan #viral #followers #dudhwa #news #ration #kheripolice