डीएस का प्रभार बदलते ही अस्पताल की तस्वीर बदली, चार ओपीडी शुरू
विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मरीजों को मिलने लगीं, ऑपरेशन समेत अन्य सुविधाएं बहाल करने की तैयारी
श्री बंशीधर नगर। नगर ऊंटारी अनुमंडल अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था अब धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है। डीएस का प्रभार बदलने के बाद अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सकीय संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल शुरू हुआ है। इसका सीधा लाभ अब मरीजों को मिलने लगा है। सितंबर से अस्पताल में चार अलग-अलग ओपीडी—जेनरल, गायनी, चाइल्ड और डेंटल का नियमित संचालन शुरू कर दिया गया है।
कुछ समय पहले तक अनुमंडल अस्पताल में मुख्य रूप से जेनरल ओपीडी के सहारे ही मरीजों का इलाज हो रहा था। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के बावजूद उनकी सेवाओं का अपेक्षित लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा था। स्कूल हेल्थ प्रोग्राम के चिकित्सकों और सीएचओ के भरोसे अस्पताल की व्यवस्था संचालित हो रही थी। अब स्थिति में बदलाव आया है और ओपीडी के साथ-साथ इमरजेंसी में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई जा रही है।
Kanke, Ranchi | Sep 30, 2026