
पंचकूला नगर निगम एवं नगर परिषद कालका के आन्दोलन कर रहे सफ़ाई कर्मचारियों एवं फायर कर्मियों की मांगे तुरंत मानी जाए - ओ पी सिहाग
पंचकूला , कालका एवं पिंजौर की सडकों एवं गलियों में फैला लगभग 2200 टन कूड़ा , महामारी फैलने का खतरा।
पंचकूला,21 अगस्त: जजपा जिला पंचकूला अध्यक्ष ओ पी सिहाग की अगुआई में जजपा पंचकूला के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नगर निगम पंचकूला एवं नगर परिषद कालका के कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे आंदोलन के समर्थन में उपायुक्त पंचकूला सतपाल शर्मा के माध्यम से मुख्यमंत्री हरियाणा के नाम ज्ञापन सौंपा। उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार को अपनी बात पर कायम रह कर हड़ताली कर्मचारियों की सारी मांगे तुरंत मान लेने चाहिए।
इस बारे चर्चा करते हुए जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने कहा है कि पंचकूला नगर निगम ,कालका नगर परिषद एवं प्रदेश भर के हज़ारों सफ़ाई कर्मचारी तथा फायर कर्मी अपनी जायज मांगों को मनवाने के लिए प्रदेश सरकार के खिलाफ पिछले 17 दिनों से हड़ताल कर रहे हैं तथा मजबूती से अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं।
ओ पी सिहाग ने कहा कि प्रदेश भर की पालिकाओं के सफ़ाई कर्मियों की हड़ताल की वज़ह से सारे शहर कूड़े के ढेर बन कर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि पंचकूला एवं कालका पिंजौर में लगभग 2200 टन कूड़ा सडकों, गालियों एवं लोगों के घरों में पड़ा है जो बारिश की वज़ह से बदबू पैदा कर रहा है। अगर जल्दी ही सफ़ाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म नहीं हुई तो गन्दगी की वज़ह से पंचकूला सहित पूरे प्रदेश के शहरो में महामारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है ।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने पिछले दिनों जब कर्मचारी हड़ताल पर गए थे तो नगर पालिका कर्मचारी संघ के साथ बातचीत के बाद सभी प्रमुख मांगों को मान लिया था जिसमें हज़ारों की संख्या में लगे कच्चे सफ़ाई कर्मियों एवं फायर कर्मियों को पक्का करने, ठेका प्रथा बंद करने के साथ अन्य मांगे भी शामिल थी। परंतु अब सरकार अपने वादे से मुकर रही है, इस वज़ह से ये कर्मचारी मजबूरी में हड़ताल पर गए हैं। जजपा नेताओं ने उपायुक्त पंचकूला से अपील की वो हड़ताल पर चल रहे कर्मचारियों की जायज मांगे पूरी करने बारे प्रदेश के मुख्यमंत्री, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री तथा विभाग के उच्च अधिकारियों को यथास्थिति से अविलम्ब अवगत कराये तथा मांगी पूरी होने पर वो काम पर लौट सके ताकि जिले में बरसात के मौसम में ज्यादा कूड़ा कर्कट एकत्रित होने की वजह कोई महामारी न फूट पड़े। आज उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने वालों में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष के सी भारद्वाज,ज़िला कार्यालय सचिव सुरिन्दर चड्डा,पंचकूला हल्का प्रधान राजेश निषाद,युवा जजपा ज़िला प्रधान दीपक चौधरी, रणधीर पंवार, भीम सिंह पंवार, युवा नेता साहिल कुमार वाल्मीकि एवं अभिषेक वोहरा आदि शामिल थे।
Haryana, India | Aug 22, 2026