Public App Logo
'भारत' लिखकर बनाई मानव श्रृंखला, दिया हर घर तिरंगा फहराने का संदेश अनोखा तीर, हरदा। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग हरदा द्वारा शासकीय कन्या शाला हरदा में मानव श्रृंखला कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्लॉक समन्वयक सुश्री सलमा खान के नेतृत्व में शाला की बालिकाओं ने एकजुट होकर मानव श्रृंखला के माध्यम से 'भारत' की आकृति बनाई और देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में बालिकाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' का सामूहिक गायन किया। इसके साथ ही 'विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा', 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के उद्घोष से वातावरण देश भक्तिमय हो गया। बालिकाओं एवं शाला के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने एक-दूसरे के हाथ थामकर एकता एवं अखंडता का संकल्प लिया। इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक सुश्री खान ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों को तिरंगा फहराने एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने की शपथ दिलाई। शाला की प्राचार्य श्रीमती मंजूलता खरे ने बालिकाओं को राष्ट्रीय ध्वज में शामिल प्रत्येक रंग के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने तिरंगे में स्थित अशोक चक्र के महत्व को बताते हुए कहा कि चक्र की 24 तीलियां दिन के 24 घंटों के साथ जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का प्रतीक हैं। ये तीलियां संयम, साहस, प्रेम, परोपकार और सच्चाई जैसे मानवीय गुणों एवं कर्तव्यों की प्रेरणा भी देती हैं। कार्यक्रम में व्यायाम शिक्षक प्रशांत आर्य, राहुल कुशवाहा, श्रीमती रीता गिरी व समस्त शाला परिवार एवं बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित रहीं। - Harda News