
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने श्रीमद्भगवद्गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का किया औचक निरीक्षण
कुरुक्षेत्र, 28 सितंबर। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने सोमवार को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र स्थित श्रीमद्भगवद्गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रेलवे रोड का औचक निरीक्षण किया। शिक्षा मंत्री के अचानक विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल रहा।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री सीधे विभिन्न कक्षाओं में पहुंचे और विद्यार्थियों से संवाद करते हुए शिक्षण व्यवस्था एवं पढ़ाई की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्मार्ट क्लास बोर्ड के संबंध में जानकारी ली और यह भी पूछा कि कक्षा शिक्षण में आधुनिक तकनीक का किस प्रकार उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय के पुस्तकालय एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों, भारतीय संस्कृति एवं नैतिक शिक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं संस्कारमय गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विद्यालय के बारे में सुना था कि यहां विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी प्रदान किए जाते हैं। विद्यालय का निरीक्षण करने पर उन्हें यह देखकर प्रसन्नता हुई कि शिक्षा, संस्कार और अनुशासन का सुंदर समन्वय विद्यालय की कार्यप्रणाली में दिखाई देता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल मदान ने शिक्षा मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कारयुक्त, अनुशासित और सकारात्मक वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
शिक्षा मंत्री ने विद्यालय की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली एवं बेहतर प्रबंधन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक तथा विद्यालय प्रबंधन की प्रशंसा की। उन्होंने विद्यालय में शिक्षा के साथ संस्कारों को प्राथमिकता देने की पहल को सराहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल मदान, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष मोहिंदर पाल सिंगला, प्रबंधक वीरेंद्र वालिया, सदस्य जंग बहादुर सिंगला सहित अन्य अधिकारी एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।