
महिला की हत्या से सनसनी, पुलिस ने दो बेटों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
छतरपुर/घुवारा। बमनौरा थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला की हत्या पत्थर से हमला कर किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतका की पहचान सुनतीबाई अहिरवार (50) पत्नी स्वर्गीय मानप्यारे अहिरवार निवासी बमनौरा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बमनौरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मृतका के दो बेटे हैं। घटना के बाद पुलिस ने दोनों बेटों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
बमनौरा थाना प्रभारी अभिषेक पांडे ने बताया कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और हत्या में किसकी भूमिका है, इसका पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बड़ामलहरा सिविल अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।