
कोटा में 10 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी जयपुर से गिरफ्तार, दुकान बेचने के नाम पर रकम हड़पने का आरोप
दो प्लॉट की फाइलें और कार से निकाले गए चेक भी बरामद करने में जुटी पुलिस, आरोपी 3 दिन के रिमांड पर
कोटा। शहर के गुमानपुरा थाना पुलिस ने 10 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी नदीम अहमद को जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। अब पुलिस फरियादी की हड़पी गई रकम, दो प्लॉट की फाइलें और कार से निकाले गए चेक बरामद करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को जामिन कुरैशी ने गुमानपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दुकान बेचने के सौदे के नाम पर आरोपी ने 10 लाख रुपए हड़प लिए। इसके अलावा दो प्लॉट की फाइलें भी अपने कब्जे में ले लीं। आरोप है कि फरियादी की कार से खाली चेक भी निकाल लिए गए।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी नदीम अहमद की तलाश शुरू की और उसे जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर धोखाधड़ी से जुड़ी रकम और अन्य दस्तावेजों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।
Ladpura, Kota | Nov 13, 2026