
पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने निजी सहायक पर लगाया चोरी का आरोप
पटना के सचिवालय थाने में दी लिखित शिकायत
पटना । बिहार की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के पटना स्थित आवास पर लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। जानकारी के मुताबिक इस मामले को लेकर पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय पर पार्टी फंड के 20 लाख रुपए नगद, चार आई फोन और दो लैपटॉप समेत कीमती सामान की चोरी का आरोप लगाया है। सचिवालय थाना में दायर प्राथमिकी में उक्त सामानों के अलावा दो तोले सोने की चेन और अंगूठी की चोरी का भी आरोप लगाया गया है। तेज प्रताप यादव ने प्राथमिकी में लिखा है कि चोरी 22 जून की रात 11 बजे हुई, जिसका गवाह उनकी गाड़ी का ड्राइवर और गार्ड है, जिन्होंने मोतीलाल को बैग के साथ बाउंड्री के पार जाते देखा। मोतीलाल वो शख्स हैं, जो साए की तरह तेज प्रताप यादव के साथ रहते थे। वो हर जगह उनके साथ जाते थे। यहां तक कि जहाज उड़ाने की ट्रेनिंग भी दोनों एक साथ ले रहे थे। लेकिन अब मोतीलाल पर चोरी का आरोप लगा है। तेज प्रताप का इन दिन अनुष्का के भाई आकाश यादव से विवाद चल रहा है। उसी के बीच यह घटना सामने आई है। तेज प्रताप यादव ने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर त्वरित जांच, आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी गए नकद व सामान की बरामदगी की मांग की है। इस बीच यह भी जानकारी मिली है कि शिकायत के बाद अब उन्होने एक और बड़ा ऐक्शन लेते हुए मोतीलाल को पार्टी से निकाल दिया है। इधर शिकायत मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई और आवश्यक जांच में जुट गई।
Rajauli, Nawada | Jun 23, 2026