
अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस
-सेंटमेरी स्कूल में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर सम्पन्न
अनोखा तीर, हरदा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदा अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर मंगलवार को सेंट मेरी स्कूल हरदा में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में न्यायाधीश एवं सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण चंद्रशेखर राठौर ने शिविर में उपस्थित छात्र-छात्राओं को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के महत्व पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष 8 सितंबर को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1967 में यूनेस्को द्वारा साक्षरता के महत्व को बढ़ावा देने और सभी के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई थी। साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने की क्षमता नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाकर आत्मनिर्भर, जिम्मेदार और सशक्त नागरिक बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी सौरभ कुमार दुबे ने शिक्षा के अधिकार, संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, बाल संरक्षण, पॉक्सो अधिनियम, साइबर अपराधों से बचाव, नशा उन्मूलन तथा नालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। साथ ही उपस्थित विद्यार्थियों को बताया कि वे किस प्रकार विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्हें विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी प्रदान करते हुए अवगत कराया कि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने निकट के एडीआर सेंटर में उपस्थित होकर, नालसा पोर्टल के माध्यम से तथा नालसा टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 पर कॉल करके भी नि:शुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकता है। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा पैरालीगल वॉलेंटियर एल.के. पारे उपस्थित रहे।
Harda, Harda | Sep 9, 2026