#कातर-जसरासर में नई रोडवेज बस सेवा का भव्य स्वागत, चालक-परिचालक का किया सम्मान
#जयपुर-नोखा रूट पर शुरू हुई राजस्थान रोडवेज की नई बस सेवा का कातर और जसरासर में ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। बस के दोनों गांवों में पहुंचने पर चालक और परिचालक का माला पहनाकर व साफा बांधकर सम्मान किया गया। इस दौरान मिठाई बांटकर नई बस सेवा शुरू होने की खुशी भी मनाई गई।
ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से इस मार्ग पर सीधी रोडवेज बस सेवा की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। नई बस सेवा से कातर, जसरासर सहित आसपास के गांवों के लोगों को जयपुर, सीकर, सालासर और नोखा आने-जाने में बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा।
जसरासर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में डॉ. सुदर्शन बिश्नोई, राधेश्याम बोहरा, रामनिवास पारीक, परिचालक पप्पूराम बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने राजस्थान रोडवेज विभाग और सरकार का आभार व्यक्त करते हुए बस सेवा के सफल संचालन की कामना की।