
आदित्यपुर में शौचालय की टंकी में गिरी गाय, घंटों बाद रेस्क्यू
आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-17 में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सेंट्रल पब्लिक स्कूल के पास एक गाय शौचालय की टंकी में फंसी मिली। बताया जा रहा है कि गाय शुक्रवार दोपहर से ही टंकी में गिरी हुई थी, लेकिन इसकी जानकारी शनिवार तक किसी को नहीं हो सकी।
शनिवार को टंकी के अंदर से गाय के जोर-जोर से रंभाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और देखा कि गाय टंकी में फंसी हुई है। इसके बाद लोगों ने मामले की जानकारी वार्ड पार्षद नीतू शर्मा को दी।
सूचना मिलते ही पार्षद ने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को रेस्क्यू टीम भेजने का निर्देश दिया। नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित टंकी से बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद गाय की सफाई भी की गई।
इस रेस्क्यू अभियान में मंटू तोमर, प्रदीप मुखी, दीपक सिंह, विमल बेहरा, अमित कुमार सिंह, अरुण हरिजन, सूरज, आशु मुखी और सुभाष सोय समेत निगम कर्मियों ने अहम भूमिका निभाई।
घटना को लेकर पार्षद नीतू शर्मा ने शौचालय की टंकी खुली छोड़ने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि खुली टंकी किसी के लिए भी खतरा बन सकती है। उन्होंने मामले की जांच कर टंकी को खुला छोड़ने वाले व्यक्ति और गाय के मालिक की जिम्मेदारी तय करने की बात कही।
रेस्क्यू के बाद पार्षद के निर्देश पर गाय को नगर निगम कार्यालय ले जाया गया। उन्होंने कहा कि जब तक गाय का मालिक सामने नहीं आता, तब तक गाय निगम की देखरेख में रहेगी। रेस्क्यू टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कर्मियों को निजी तौर पर सम्मानित करने की बात भी कही।
पार्षद ने मवेशी पालकों से अपील करते हुए कहा कि दूध देना बंद करने के बाद मवेशियों को खुले में छोड़ना गलत है। उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही से मवेशियों की जान खतरे में पड़ सकती है और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जरूरत है।
घटना के बाद खुले शौचालय, असुरक्षित टंकियों और सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। समय रहते गाय की आवाज लोगों तक नहीं पहुंचती तो उसकी जान पर बन सकती थी।
#Adityapur #AdityapurNews #SeraikelaKharsawan #JharkhandNews #CowRescue #AnimalRescue #MunicipalCorporation #AdityapurMunicipalCorporation #JharkhandNewsUpdate #ChhotanagpurLive