
भेड़ीहारी में ट्रैक्टर-कार की भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोग घायल,एक गंभीर- गोरखपुर रेफर
बगहा से खरीदारी कर वाल्मीकिनगर के लक्ष्मीपुर आने के क्रम में घर से तीन किमी दूर भेड़िहारी चौक पर घटी घटना
बगहा/वाल्मीकिनगर। थाना क्षेत्र के भेड़ीहारी चौक पर गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर और कार की जोरदार भिड़ंत हो जाने से कार में सवार लक्ष्मीपुर वाल्मीकिनगर निवासी रामेश्वर साह के 35 वर्षीय पुत्र लक्की कुमार, 22 वर्षीय बिंदी कुमारी वह 18 वर्षीय प्रियंका कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों में बिंदी कुमारी का स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल बिंदी कुमारी के पिता रामेश्वर शाह ने बताया की बिंदी को देखने के लिए अतिथि आने वाले थे। सोमवार को बिंदी को देखने के बाद शादी की तिथि निश्चित करना था। उसी के लिए कपड़ा खरीद ने बगहा अपने बहन और भाई के साथ गई थी। वापस आने के क्रम में यह हादसा हुआ है। इसी दौरान भेड़ीहारी गांव के समीप ट्रैक्टर से कार की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचाया। घायलों में रामेश्वर शाह की पुत्रियां बिंदी और प्रियंका सहित उनका बड़ा पुत्र लकी कुमार सवार था और खुद ड्राइव कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में सभी घायलों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। इधर, पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटा रही है।