
तेजरासर में चार दावेदारों के बीच रोचक मुकाबला, श्रीलाल जाखड़ के समर्थकों की खामोशी बनी चर्चा का विषय
तेजरासर। ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर तेजरासर में सरपंच पद के चार दावेदार चंपालाल जाखड़, श्रीलाल जाखड़, महावीर प्रसाद शर्मा और ओमप्रकाश शर्मा मैदान में हैं। चारों ही दावेदार ग्रामीणों के बीच पहुंचकर संपर्क और प्रचार में जुटे हैं तथा अपने-अपने विकास के विजन से मतदाताओं को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
इधर श्रीलाल जाखड़ के समर्थकों की ओर से खुलकर पसंद जाहिर नहीं किए जाने को लेकर गांव में चर्चाओं का दौर है। कई मतदाता सभी दावेदारों से संपर्क बनाए हुए हैं, लेकिन अपनी पसंद को लेकर फिलहाल चुप्पी साधे हुए हैं। यही खामोशी चुनावी समीकरणों को लेकर अलग-अलग कयासों को जन्म दे रही है।
श्रीलाल जाखड़ पहले भी सरपंच पद का चुनाव लड़ चुके हैं। ग्रामीणों के बीच उनके पुराने संपर्क और चुनावी अनुभव के चलते उनका नाम इस बार भी चर्चा में है। हालांकि, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि उनकी वास्तविक स्थिति क्या है।
चारों उम्मीदवारों की सक्रिय कैंपेनिंग और मतदाताओं की चुप्पी के बीच मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है। कुछ उम्मीदवारों का अति उत्साह कहीं उनके लिए उलटा असर न बन जाए, ऐसी चर्चाएं भी गांव में सुनाई दे रही हैं। हालांकि यह महज चुनावी कयास हैं, वास्तविक तस्वीर मतदान और चुनाव परिणाम के बाद ही साफ होगी।