राजधानी रांची समेत झारखंड के मौसम में अगले कुछ दिनों तक उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार की सुबह रांची समेत राज्य के कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है।
वहीं, दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने के साथ मेघ गर्जन की भी संभावना जताई गई है। वहीं सोमवार को रांची का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है। पिछले 24 घंटे के दौरान राजधानी में बारिश दर्ज नहीं की गई।
राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान लातेहार में 33.3 डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर में 31.2, डालटनगंज में 31, चाईबासा में 31 और सरायकेला में 31.5 डिग्री तापमान रहा। वहीं, लातेहार का न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री दर्ज किया गया।
Namkum, Ranchi | Nov 3, 2026