
मुजफ्फरपुर में ट्यूशन पढ़ रहे बच्चों पर टूटा छत का प्लास्टर, 6 घायल; भवानीपुर गांव में मची अफरा-तफरी
मुजफ्फरपुर के हथौड़ी थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक सामुदायिक भवन के बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के वक्त भवन में बच्चे ट्यूशन पढ़ रहे थे। अचानक हुए इस हादसे में कुल छह लोग घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि एक युवती सामुदायिक भवन में बच्चों को निजी तौर पर ट्यूशन पढ़ा रही थी। बच्चे पढ़ाई में जुटे हुए थे, तभी बरामदे की छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक नीचे आ गिरा। प्लास्टर गिरते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बच्चों को मलबे से बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भी लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि बच्चे नियमित रूप से इसी सामुदायिक भवन में पढ़ाई के लिए आते थे। हादसे के बाद भवन की जर्जर स्थिति और छत की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। प्रशासन से सामुदायिक भवन की स्थिति की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग उठ रही है।
#Muzaffarpur #BiharNews #Hathauri #AccidentNews #TirhutNow