
*ग्रामीण सेवा शिविर-2026*
*सफलता की कहानी -2*
*राजस्व विभाग ने मिटाई 33 वर्षों की उलझन, निम्बी खुर्द शिविर में खातेदारों को मिला हक*
डीडवाना-कुचामन, 10 जुलाई।
कल्याणकारी राज्य सरकार द्वारा ग्रामीणों को उनके घर के पास ही राहत देने के उद्देश्य से ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को ग्राम निम्बी खुर्द में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राजस्व महकमे द्वारा आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं और राजस्व प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। शिविर में तहसीलदार ओमप्रकाश मेव ने राजस्व टीम के साथ मिलकर खाता विभाजन, नया खाता खोलना, रास्ता खोलना और सीमाज्ञान जैसे महत्वपूर्ण प्रकरणों पर तत्परता से कार्रवाई की।
ग्राम निम्बी खुर्द के निवासी बनवारी लाल (दत्तक पुत्र) के खाते का हिस्सा पिछले 33 वर्षों से अधूरा था, क्योंकि उनके दत्तक पिता का नाम सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज नहीं था। शिविर प्रभारी ने तुरंत पुराना रिकॉर्ड मंगवाया। पुराने रिकॉर्ड की गहन जांच के बाद बनवारी लाल के दत्तक पिता लालूराम का नाम और जाति दर्ज कर 33 साल पुरानी इस जटिल समस्या का मौके पर ही निपटारा किया गया।
वहीं काश्तकार मोहम्मद रजाक ने शिविर में उपस्थित होकर बताया कि उनके सभी कागजातों में उनका नाम मोहम्मद रफीक दर्ज है, जबकि उनका सही नाम मोहम्मद रजाक है। उन्होंने इस त्रुटि को सुधारने की गुहार लगाई। शिविर में राजस्व टीम ने तुरंत संज्ञान लेते हुए रिकॉर्ड में उनका नाम शुद्ध कर उन्हें बड़ी राहत पहुंचाई।
इसी प्रकार से गांव के अन्य काश्तकार, जो लंबे समय से अपने सामलाती खातों (संयुक्त भूमि) के कारण परेशान थे और जिन्हें आज तक कोई समाधान नहीं मिला था, उन्होंने भी शिविर में दरख्वास्त दी। तहसीलदार ओमप्रकाश मेव के निर्देशन में राजस्व टीम ने मौके पर ही नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 18 खातेदारों की 24.84 हेक्टेयर (अर्थात 154 बीघा) भूमि का 5 खातों में अलग-अलग बंटवारा पेश किया। तहसीलदार ने संपूर्ण जांच के बाद सभी खातेदारों का अलग-अलग बंटवारा मौके पर ही स्वीकृत कर दिया।
इस त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई से अभिभूत होकर गांव के सभी काश्तकारों ने राज्य सरकार और राजस्व विभाग का सहृदय धन्यवाद दिया। ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि, "इस फैसले से हमारी आने वाली पीढ़ियों का भी बड़ा फायदा हुआ है और आपसी विवादों का अंत हुआ है।"
इस दौरान बीडीओ श्रवण राम जाखड़, मैनपाल सिंह ब्लॉक शिक्षा अधिकारी,ओमप्रकाश मेव तहसीलदार, गिरधारी राम गुर्जर (नि.भू.अ.), अजीत सिंह (ओ.के.), प्रकाश शर्मा (पटवारी), बजरंग लाल सांखला (कनिष्ठ सहायक), और राम सिंह (होमगार्ड) उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Jul 10, 2026