
छात्रों के समर्थन में RJD का राजभवन मार्च, पुलिस ने चलाया वाटर कैनन; तेजस्वी यादव हिरासत में लेकर छोड़े गए
पटना: सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान AK-47 से फायरिंग के मामले को लेकर बुधवार को RJD ने छात्रों के समर्थन में पटना में राजभवन मार्च निकाला। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में जेपी गोलंबर से शुरू हुआ मार्च राजभवन की ओर बढ़ा। करीब पांच किलोमीटर लंबे मार्च में बड़ी संख्या में RJD कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
डाकबंगला चौराहे के पास प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद इनकम टैक्स चौराहे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिसकर्मियों की ओर पानी की बोतलें फेंकने की भी बात सामने आई।
मार्च के दौरान पुलिस ने तेजस्वी यादव और RJD सांसद मीसा भारती को हिरासत में लिया और सचिवालय थाना ले गई। करीब एक घंटे बाद दोनों को छोड़ दिया गया। मीसा भारती ने बताया कि हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों का नाम-पता और अन्य विवरण दर्ज किया गया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि छात्रों पर AK-47 से गोली चलाने का आदेश किसने दिया, इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, RJD का संघर्ष जारी रहेगा। तेजस्वी ने कहा कि युवाओं को रोजगार देने और छात्रों के मुद्दे पर पार्टी सरकार के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि वे जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। साथ ही कहा कि राज्यपाल के लौटने के बाद RJD का प्रतिनिधिमंडल उनसे मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा।
#TejashwiYadav #RJD #RajBhavanMarch #Patna #BiharNews #StudentProtest #RJDMarch #BiharPolitics #StudentMovement #MisaBharti #PatnaNews #Bihar #YoungIndiaNews