
राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर जिला चिकित्सालय हमीरपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन: 12 रक्तदाताओं ने किया महादान*
हमीरपुर:राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के विशेष अवसर पर आज जिला चिकित्सालय (पुरुष) हमीरपुर के ब्लड सेंटर में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अलका शुक्ला एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. आर. एस. प्रजापति ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
शिविर में स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान कुल 12 रक्तदाताओं ने मानव सेवा का संकल्प लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया।
इस विशेष अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा समाज में रक्तदान को बढ़ावा देने वाली पाँच प्रमुख सामाजिक संस्थाओं और जिले में सबसे अधिक बार रक्तदान करने वाले तीन अग्रणी रक्तदाताओं को उनकी इस अनुकरणीय सेवा के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, ब्लड बैंक को सुचारू रूप से चलाने और मरीजों की निरंतर सेवा करने के लिए ब्लड बैंक में कार्यरत सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शिविर का उद्घाटन करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला ने कहा, "रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।"मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. एस. प्रजापति ने सभी रक्तदाताओं, सम्मानित संस्थाओं और ब्लड बैंक की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल का ब्लड सेंटर हमेशा मरीजों की सेवा के लिए तत्पर रहता है और इस तरह के शिविरों से रक्त की उपलब्धता बनी रहती है, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों की जान बचाई जा सके।
इस अवसर पर ब्लड बैंक के अधिकारी, चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराया।