गाय को बचाने के प्रयास में हादसा, गार्डरेल कार के आर-पार
कापरड़ा। जोधपुर-बिलाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग-25 पर विष्णु ढाणी के पास रविवार देर रात एक कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। सड़क पर बैठी गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे लगी लोहे की सुरक्षा रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गार्डरेल कार के अगले हिस्से को चीरते हुए बीच से आर-पार निकल गई।
हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन चालक **रामनिवास पुत्र घेवरराम विश्नोई**, निवासी मतवालों की ढाणी (लांबा), चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच निकला। उसे केवल मामूली खरोंचें आईं।
सूचना मिलते ही कापरड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार हादसे के संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है। सोमवार दोपहर क्षतिग्रस्त कार को हटाकर मार्ग पर यातायात सामान्य कराया गया।