बाथरी-बनीखेत में खुल रहीं बंद नालियां, हाईवे से हटाया जा रहा मलबा
पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना प्राधिकरण (एनएचआईए) के अधीन आने के बाद इसके सुधारीकरण का कार्य शुरू हो गया है। फिलहाल बाथरी और बनीखेत क्षेत्र में बंद पड़ी जल निकासी नालियों को खोलने तथा सडक़ किनारे जमा मलबे को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। यह कार्य एनएचआईए के इंजीनियर वरुण कुमार की देखरेख में चल रहा है। गौरतलब है कि बाथरी और बनीखेत में निकासी नालियां बंद होने के कारण बरसात के दौरान पानी सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहने लगता था, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ सडक़ को भी नुकसान पहुंचता था। वहीं, पिछले मानसून में क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के दौरान निकाला गया मलबा अब तक सडक़ किनारे पड़ा था, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। हाल ही में केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी कर पठानकोट-चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग को एनएचआईए के अधीन कर दिया था। इसके बाद प्राधिकरण ने हाईवे का जिम्मा संभालते ही सुधार कार्य शुरू कर दिए हैं।
Chamba, Chamba | Jul 11, 2026