नीट पेपर लीक और चंदा विवाद को लेकर चम्बा में कांग्रेस का मशाल जुलूस, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
चम्बा, 12 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
नीट पेपर लीक मामले और चंदे में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस पार्टी ने चम्बा बाजार में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं और छात्रों ने मशाल जुलूस निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं, वहीं आस्था के नाम पर चंदे में गड़बड़ी के आरोप जनता की भावनाओं को आहत करते हैं। कांग्रेस नेताओं ने इसे शासन की विफलता बताते हुए कहा कि अब सत्ता का असली चेहरा जनता के सामने आ चुका है।
इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी, युवा कांग्रेस प्रभारी अखिल अग्निहोत्री, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सोनाभ पठानिया और एनएसयूआई अध्यक्ष मुकेश शर्मा सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकारों और देश की पारदर्शी व्यवस्था के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि जब कांग्रेस के समय ऐसे मुद्दे उठते थे तो वर्तमान सत्ताधारी दल जोरदार विरोध करता था, लेकिन अब गंभीर मामलों पर चुप्पी साध ली गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने अंत में कहा कि देश की जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब जरूर देगी।
Chamba, Chamba | Jul 12, 2026