
राजधानी रायपुर में बेखौफ लुटेरे | SA News Chhattisgarh
रायपुर | 11-11-2026: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। दिवाली के आसपास मोबाइल लूट की घटनाओं में बढ़ोतरी के बीच खम्हारडीह थाना क्षेत्र में एक मीडियाकर्मी को बदमाशों ने निशाना बनाया। बाइक सवार तीन युवक मीडियाकर्मी राजेंद्र सिंह का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
राजेंद्र सिंह 9 नवंबर को ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कार्यालय के पास अपनी बाइक रोकी और किसी से मोबाइल पर बातचीत करने लगे। तभी एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। इससे पहले कि राजेंद्र सिंह कुछ समझ पाते, बदमाशों ने अचानक उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और तेजी से मौके से फरार हो गए।
वारदात इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित को संभलने और बदमाशों को पकड़ने का मौका तक नहीं मिला। घटना की शिकायत मिलने के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए आरोपियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि दिवाली के आसपास राजधानी में मोबाइल लूट की यह दूसरी घटना सामने आई है। इससे पहले 4 नवंबर की रात मुजगहन थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी से जा रही एक एयर होस्टेस का आईफोन छीन लिया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी में राह चलते लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों की तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश जारी है।
#RaipurCrime #MobileSnatching #PoliceInvestigation #Chhattisgarh #SANewsChhattisgarh