
सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई की प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा 24 अक्टूबर को।
सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई के कक्षा षष्ठम (सत्र 2026-27) में नामांकन हेतु प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा-2026 का आयोजन दिनांक 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियाँ की गई हैं।
परीक्षा एकल पाली में अपराह्न 01:00 बजे से 03:30 बजे तक आयोजित होगी। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम-से-कम 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य है। निर्धारित समय के बाद पहुँचने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिला मुख्यालय में परीक्षा के लिए नगर मध्य विद्यालय, पुरानी जेल रोड, नवादा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्र पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा कदाचारमुक्त परीक्षा का संचालन सुनिश्चित करने के लिए सशस्त्र बल/लाठी बल के साथ स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त, परीक्षा के दौरान सतत निगरानी रखने एवं विधि-व्यवस्था संधारित करने हेतु गश्ती दल-सह-उड़नदस्ता दल में भी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति सशस्त्र बल/लाठी बल के साथ की गई है।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Oct 21, 2026