
*सब्जी मंडी में मनमानी पर नगर परिषद की सख्ती, अव्यवस्थित ठेलों पर कार्रवाई, तीन दिन की चेतावनी के बाद नगर परिषद ने की कार्रवाई, सामान जब्त कर वसूला जुर्माना*
*सवाई माधोपुर, 5 अक्टूबर।* सब्जी मंडी में बिगड़ती सफाई व्यवस्था और मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित तरीके से लगाए जा रहे ठेलों को लेकर नगर परिषद ने सख्त रुख अपनाया है। नगर परिषद की ओर से पिछले तीन दिनों से लगातार समझाइश और चेतावनी देने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर सोमवार को टीम ने कार्रवाई करते हुए मनमाने ढंग से ठेले लगाने वाले व्यापारियों को चिन्हित किया। इस दौरान कुछ ठेला संचालकों का सामान जब्त करने के साथ ही जुर्माना भी वसूला गया।
नगर परिषद सभापति मेवा चौधरी एवं आयुक्त दलीप पूनिया ने बताया कि सब्जी मंडी क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आमजन की आवाजाही सुगम करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंडी एवं मुख्य सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से ठेले लगाने के कारण न केवल यातायात प्रभावित हो रहा था, बल्कि जगह-जगह गंदगी फैलने से सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। इसे देखते हुए नगर परिषद की टीम द्वारा पिछले तीन दिनों से ठेला संचालकों को निर्धारित एवं व्यवस्थित स्थान पर ठेले लगाने की समझाइश दी जा रही थी।
इसके बावजूद कुछ व्यापारियों द्वारा मनमाने ढंग से ठेले लगाने का सिलसिला जारी रखा गया। सोमवार को नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर ऐसे ठेला संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने सामान जब्त करने के साथ नियमानुसार जुर्माना वसूला तथा संबंधित लोगों को भविष्य में सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्थित तरीके से ठेला नहीं लगाने के लिए पाबंद किया।
सभापति मेवा चौधरी ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था और आमजन की सुविधा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सब्जी मंडी एवं मुख्य सड़क पर गंदगी फैलाने और अव्यवस्थित तरीके से ठेले लगाने की स्थिति को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि मंडी क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है। इसके लिए व्यापारियों और आमजन का सहयोग भी जरूरी है।
आयुक्त दलीप पूनिया ने भी स्पष्ट किया कि नगर परिषद की ओर से स्वच्छता एवं व्यवस्था को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे नगर परिषद का सहयोग करते हुए निर्धारित व्यवस्था का पालन करें और मंडी क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक शिवराम मीना, जमादार मनोज कलोशिया, वीरेंद्र, आशाराम सहित नगर परिषद के अन्य कार्मिक मौजूद रहे।