
सतपुली के ईड़ा माला गांव में गुलदार का हमला, घास लेने गई लीला देवी गंभीर रूप से घायल
पौड़ी। पहाड़ों में गुलदार की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला सतपुली क्षेत्र के ईड़ा माला गांव का है, जहां घास लेने गई लीला देवी पर गुलदार ने घात लगाकर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के शोर मचाने पर गुलदार मौके से भाग निकला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल महिला को उपचार के लिए हंस अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में लोग रोजमर्रा के कामों के लिए जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में जाने को मजबूर हैं, लेकिन गुलदार की लगातार सक्रियता के चलते लोगों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल, घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और ग्रामीण गुलदार की दहशत से निजात दिलाने के लिए वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
Pauri, Garhwal | Oct 23, 2026