
बिहार सरकार की अपील - सक्षम लोग स्वेच्छा से छोड़ें 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ।
बिहार सरकार ने राज्य के सभी घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं के लिए प्रतिमाह 125 यूनिट तक निःशुल्क बिजली की जनकल्याणकारी योजना शुरू की है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को आर्थिक राहत देना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
इसी कड़ी में बिहार सरकार ने एक महत्वपूर्ण अपील जारी की है। सरकार ने राज्य के उन सभी विद्युत उपभोक्ताओं से विनम्र अपील की है जो आर्थिक रूप से सुदृढ़ हैं और अपना बिजली बिल भुगतान करने में सक्षम हैं, वे स्वेच्छा से 125 यूनिट निःशुल्क बिजली के लाभ को छोड़ने के लिए आगे आएं।
*सरकार ने कहा - यह है जिम्मेदार नागरिकता की मिसाल:*
उपभोक्ताओं द्वारा स्वेच्छा से इस सुविधा का परित्याग करना सामाजिक सहभागिता और जिम्मेदार नागरिकता का एक सराहनीय उदाहरण होगा। इससे राज्य सरकार के वित्तीय संसाधनों की बचत होगी, जिसका उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य और बिहार के विकास से जुड़े अन्य जनकल्याणकारी कार्यों में किया जा सकेगा।
*कैसे छोड़ सकते हैं लाभ?*
इच्छुक उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार निःशुल्क बिजली का लाभ छोड़ने के लिए अपना विकल्प दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित विद्युत वितरण कंपनी द्वारा 'बिहार ऐप' में एक लिंक उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके माध्यम से उपभोक्ता अपना विकल्प दर्ज कर सकेंगे।
इसके अलावा उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1912 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
सरकार ने कहा है कि बिहार के विकास में आपकी यह स्वैच्छिक सहभागिता एक बेहतर और समृद्ध बिहार के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।