
लावालौंग के जंगलों में धड़ल्ले से पेड़ों की कटाई! अफीम की खेती की तैयारी के आरोप, वन विभाग पर उठे सवाल
50 से 55 गांवों में अफीम की खेती की तैयारी की सूचना, सैकड़ों एकड़ वनभूमि पर कब्जे का आरोप; आखिर कहां है वन विभाग की टीम?
लावालौंग (चतरा): झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग प्रखंड से जंगलों की कटाई और वनभूमि पर अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रखंड के करीब 50 से 55 गांवों में अफीम की खेती की तैयारी के लिए जंगलों को साफ किया जा रहा है। कई जगहों पर पेड़ों की कटाई कर जमीन को समतल किए जाने की भी सूचना है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, जंगलों में बड़े पैमाने पर पेड़ काटकर वनभूमि पर कब्जा किया जा रहा है। सैकड़ों एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की तैयारी किए जाने का आरोप है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस पूरे मामले ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर कोई ग्रामीण जंगल में छोटी झोपड़ी बना लेता है या सब्जी की खेती करता है, तो वन विभाग की नजर तुरंत पहुंच जाती है। लेकिन इतने बड़े पैमाने पर जंगलों की कटाई कैसे होती रही और विभाग को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली?
जंगलों की सुरक्षा के लिए तैनात वनरक्षी और गश्ती दल आखिर क्या कर रहे थे? क्या विभाग की निगरानी व्यवस्था केवल छोटे लोगों पर कार्रवाई करने तक सीमित है?
जंगल उजड़ने से वन्यजीवों पर भी खतरा
लावालौंग के जंगल कभी अपनी हरियाली और वन्यजीवों के लिए पहचाने जाते थे। स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार, 15 से 20 साल पहले यहां हिरण, भालू, हाथी और बाघ जैसे वन्यजीव दिखाई देते थे। लगातार जंगलों की कटाई से इनके प्राकृतिक आवास पर भी खतरा बढ़ने की आशंका है।
वन विभाग के कर्मियों की भूमिका पर भी सवाल
मामले में वन विभाग के कुछ कर्मियों की संभावित मिलीभगत को लेकर भी चर्चाएं हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित कर्मियों की भूमिका की भी पड़ताल होनी चाहिए।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय स्तर पर मांग उठ रही है कि वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम प्रभावित गांवों और जंगलों का निरीक्षण करे। जहां पेड़ों की कटाई और वनभूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि हो, वहां दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब जंगलों में पेड़ों की कटाई और अफीम की खेती की तैयारी की सूचना सामने आ रही है, तो वन विभाग अब तक क्या कर रहा था? क्या प्रशासन किसी बड़ी कार्रवाई के लिए इंतजार कर रहा है?
लावालौंग के जंगलों को बचाने की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा?
#LateharNews #ChatraNews #Lawalong #JharkhandNews #JharkhandBreaking #ForestDepartment #IllegalOpiumCultivation #ForestLand #SaveForest #JungleBachao #AfeemKheti #BreakingNews #LoktantraBharat #JharkhandUpdate #ViralNews