कुसमी स्थित संजय-दुबरी टाइगर रिजर्व में करीब तीन महीने के मानसूनी अवकाश के बाद गुरुवार 1 अक्टूबर से सफारी फिर शुरू हो गई। पहले दिन 9 पर्यटकों ने सफारी की बुकिंग कराई। इस दौरान रेंजर, डिप्टी रेंजर और बीट गार्ड मौजूद रहे। रिजर्व में 32 प्रजातियों के स्तनधारी, 152 प्रजातियों के पक्षी, 11 सरीसृप, 3 उभयचर और 34 मीठे पानी की मछलियों की प्रजातियां पाई जाती हैं।
बाघ, तेंदुआ, भालू, चीतल, सांभर, नीलगाय, चिंकारा, चौसिंगा, जंगली कुत्ता, लकड़बग्घा, सियार और लोमड़ी प्रमुख वन्यजीव हैं। मानसून में रास्तों और वन्यजीवों की सुरक्षा के चलते सफारी बंद रहती है। डीएफओ राजेश कन्ना टी ने बताया कि आज से सफारी शुरू कर दी गई है और पर्यटकों को बेहतर सुविधाओं के साथ वन्यजीवों का आसानी से दीदार कराने तथा उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।