
"एक देश, एक विधान" के नायक को श्रद्धांजलि, महिला मोर्चा ने याद किया डॉ. मुखर्जी का बलिदान
पुण्यतिथि पर राष्ट्रवाद और अखंडता के संदेश को किया गया याद
भाजपा महिला मोर्चा ने कहा- डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत
बक्सर. भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने मंगलवार को जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया. वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्रहित, राष्ट्रीय स्वाभिमान और अखंड भारत के संकल्प का प्रतीक रहा है.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष कंचन देवी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान भारत की एकता और राष्ट्रीय चेतना का अमर अध्याय है. उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र की सेवा और देश की अखंडता के लिए समर्पित कर दिया. उनके आदर्श, विचार और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे.
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अलग व्यवस्था के विरोध में डॉ. मुखर्जी ने जो संघर्ष किया, वह भारतीय लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है. "एक देश में दो निशान, दो विधान एवं दो प्रधान नहीं चलेगा" का उनका उद्घोष आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है.
Buxar, Buxar | Jun 23, 2026