
नीलगाय के हमले से बाइक सवार ट्रक से टकराया, गंभीर रूप से घायल
दरौली (सिवान)। दरौली प्रखंड के पुनक मोड़ के समीप बुधवार को नीलगाय के झुंड के अचानक सड़क पर आ जाने से एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान नौतन थाना क्षेत्र के खलवा गांव निवासी 25 वर्षीय अशोक गोड़ के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अशोक किसी निजी कार्य से लौटकर मैरवा–दरौली मुख्य मार्ग से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान बारिश हो रही थी। पुनक मोड़ के पास अचानक 9 से 10 की संख्या में नीलगाय सड़क पर आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक नीलगाय बाइक से टकरा गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मैरवा की ओर जा रहे समाजसेवी अली अहमद उर्फ बहारन मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल की स्थिति की जानकारी लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) गौरी कुमारी एवं घायल के परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद घायल को स्थानीय अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। चिकित्सकों की सलाह पर बेहतर इलाज के लिए समाजसेवी बहारन अली ने एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल को सदर अस्पताल, सिवान रेफर कराया।
घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने वन्यजीवों के अचानक सड़क पर आ जाने की समस्या पर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग से आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
#HindustanTV #SiwanNews #Darauli #Mairwa #BreakingNews #BikeAccident #NilgaiAttack #RoadAccident #BiharNews #Wildlife #AshokGod #Siwan #LocalNews
Mairwa, Siwan | Jul 9, 2026