
प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी के आरोप, पात्र हितग्राहियों से मांगी जा रही रिश्वत; शौचालय और बाउंड्रीवाल निर्माण की राशि में भी अनियमितता की शिकायत
सीधी। जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम पंचायत खड्डी खुर्द में प्रधानमंत्री आवास योजना सहित पंचायत के विभिन्न निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। शुक्रवार को दोपहर करीब 2 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम शिकायत सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर से मुलाकात नहीं होने पर ग्रामीणों ने अपना आवेदन आवक-जावक शाखा में जमा कराया और मीडिया के सामने अपनी समस्याएं रखीं।
शिकायतकर्ता जानकी कोल ने आरोप लगाया कि पंचायत सचिव द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए हितग्राहियों से पैसे की मांग की जाती है। उनका कहना है कि सचिव द्वारा स्पष्ट रूप से कहा जाता है कि जब तक पैसा नहीं दिया जाएगा, तब तक योजना का लाभ नहीं मिलेगा। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत क्षेत्र में कई पात्र परिवारों के नाम पात्रता सूची में शामिल नहीं किए गए, जबकि पैसे देने वाले हितग्राहियों के नाम जोड़कर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने पंचायत में हुए निर्माण कार्यों को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। शिकायत के अनुसार सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए करीब 5 लाख रुपये आवंटित हुए थे, लेकिन मौके पर निर्माण कराए बिना ही राशि आहरित कर ली गई। इसी तरह शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय खड्डी खुर्द में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए लगभग 8 लाख रुपये स्वीकृत हुए, लेकिन ग्रामीणों के मुताबिक मौके पर कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ।
इसके अलावा शिक्षा गारंटी मदरसा टोला के बाउंड्रीवाल निर्माण और मदरसा टोला में तीन वर्ष से स्वीकृत नाली निर्माण की राशि में भी फर्जी तरीके से आहरण किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ताओं में जानकी कोल, रविता कोल, राजकुमारी कोल, कोमल कोल, अखिलेश कोल, सविता कोल, शुधा द्विवेदी, शुषमा द्विवेदी, खुशबू, मधु, शियादेवी तिवारी और मान्या विश्वकर्मा सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
कलेक्टर ने दिए जांच के संकेत
कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।