
आजादी के बाद भी विकास से दूर बिनवा के ढाह! 2 हजार आबादी सड़क, स्कूल और रोशनी को तरसी, विधायक ने सुनी ग्रामीणों की पीड़ा
मुजफ्फरपुर के मड़वन प्रखंड के बड़का गांव स्थित बिनवा के ढाह टोला में आजादी के दशकों बाद भी विकास की बुनियादी सुविधाएं नहीं पहुंच सकी हैं। करीब दो हजार की आबादी वाले इस टोले के ग्रामीण आज भी पक्की सड़क, स्कूल, बिजली और रोशनी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
मुख्य सड़क से टोले तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पगडंडी और संकरे रास्तों का सहारा लेना पड़ता है। बरसात में कीचड़ और जलजमाव के कारण स्थिति और भी मुश्किल हो जाती है।
ग्रामीणों की समस्याएं जानने के लिए सोमवार को कांटी विधायक ई. अजीत कुमार टोले में पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने उनके सामने अपनी समस्याएं रखीं। लोगों ने बताया कि बच्चों को पढ़ाई के लिए तीन से चार किलोमीटर दूर स्कूल जाना पड़ता है। सामाजिक कार्यक्रमों के लिए भवन नहीं है, जबकि जर्जर बिजली के पोल और तार के कारण आपूर्ति भी बाधित होती रहती है। टोले में सोलर लाइट और आंगनबाड़ी केंद्र की भी मांग की गई।
विधायक ई. अजीत कुमार ने मुख्य सड़क से टोले को जोड़ने के लिए जी. रामजी योजना अथवा विधायक मद से जल्द सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया। साथ ही स्कूल, आंगनबाड़ी और प्रकाश व्यवस्था की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से बात कर समाधान का भरोसा दिलाया।
#TirhutNow #MuzaffarpurNews #Marwan #BiharNews #GroundReport