
शराब और हफ्ता वसूली के लिए रुपये मांगकर मारपीट, 4 आरोपी गिरफ्तार
औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस की कार्रवाई; दो अलग-अलग मामलों में फरार आरोपियों को तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना से पकड़ा
देवास। शराब पीने और हफ्ता वसूली के नाम पर रुपये मांगकर मारपीट करने वाले चार आरोपियों को औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर रास्ता रोकने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में फरार आरोपियों को तकनीकी आधार और मुखबिर की सूचना के आधार पर पकड़ा।
पहला मामला 25 सितंबर का है। जयप्रकाश नगर निवासी फरियादी ने पुलिस को बताया कि अक्षत नगर स्थित गणेश पंडाल के पास कुछ लोगों ने शराब पीने के लिए उससे 2 हजार रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए बेल्ट से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 857/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अजय राठौर (25), विशाल अटेरिया (18) और रामकिशन उर्फ रामकृष्ण नागर (22) को गिरफ्तार किया।
रास्ता रोककर मांगे 500 रुपये
दूसरा मामला 13 सितंबर का है। जयसिंह नगर निवासी फरियादी के अनुसार दाल मिल कंपनी के पास आरोपियों ने उसका रास्ता रोककर शराब और हफ्ता वसूली के लिए 500 रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने चाकू, डंडे और लात-घूंसों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में अपराध क्रमांक 821/2026 दर्ज किया गया था। प्रकरण में फरार आरोपी दिलीप अकोले (26), निवासी सर्वोदय नगर को पुलिस ने 29 सितंबर को मुखबिर सूचना और तकनीकी आधार पर गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी अमित सोलंकी के नेतृत्व में की गई। टीम में पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।