
आप सभी को पवित्र सावन माह की पहली सोमवारी की हार्दिक शुभकामनाएं!
जमुई जिला नक्सलवाद के लंबे और कठिन दौर को पीछे छोड़कर शांति, प्रगति और सकारात्मकता की एक नई भोर का साक्षी बन रहा है। बदलाव के इस ऐतिहासिक मोड़ पर जिला प्रशासन जमुई को केवल प्रशासनिक रूप से ही नहीं, बल्कि इसे प्राकृतिक और धार्मिक पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ प्रयासरत है। हालांकि, किसी भी क्षेत्र का वास्तविक और स्थाई कायाकल्प केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि उसमें जिले की सजग जनता और आप सभी मीडियाकर्मियों का सामूहिक संकल्प और आत्मीय सहयोग ही सबसे बड़ी ताकत है।
पत्रकारिता हमेशा से ही समाज में परिवर्तन और नवचेतना की सबसे सशक्त वाहक रही है। सावन महीने के इस पावन अवसर पर जिला प्रशासन आप सभी मीडिया बंधुओं से यह आह्वान करता है कि आप अपनी कलम, अपनी आवाज और अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम इस पावन भूमि के प्राचीन व ऐतिहासिक शिव मंदिरों, उनकी गूढ़ धार्मिक महत्ता, अटूट लोक-आस्था और जमुई की गौरवशाली सांस्कृतिक चेतना को दुनिया के सामने लाएं।
जब आपके माध्यम से जमुई का अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक आस्था स्थल देश-दुनिया के सामने आएगा , तो निश्चित ही इस क्षेत्र में बहुमुखी पर्यटन के एक नए युग का सूत्रपात होगा।
तो आइए, इस सावन माह में इस पावन धरा की भक्ति भावना, नैसर्गिक सौंदर्य और समृद्ध सांस्कृतिक चेतना के माध्यम से जमुई को एक समृद्ध व संभावनाशील पहचान दिलाने की इस साझा जिम्मेदारी को मिलकर निभाएं।
नवीन
जिला पदाधिकारी,जमुई
Jamui, Bihar | Aug 4, 2026