
वन्दे भारत लाइव न्यूज़ :पलवल में 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हथीन गेट चौकी इंचार्ज SI राजेश कुमार गिरफ्तार
आबकारी एक्ट में मामला दर्ज न करने के बदले मांगे थे 10 हजार रुपये, बातचीत के बाद 8 हजार में तय हुआ था सौदा
पलवल। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) फरीदाबाद की टीम ने हथीन गेट पुलिस चौकी के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर राजेश कुमार को 3,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
घर के सामने शराब पीते पकड़े गए व्यक्ति से मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, SI राजेश कुमार ने एक शिकायतकर्ता को उसके घर के सामने शराब पीते हुए पकड़ा था। आरोप है कि आबकारी अधिनियम (एक्साइज एक्ट) के तहत मामला दर्ज नहीं करने की एवज में उससे 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 8,000 रुपये में तय हुई।
5 हजार रुपये पहले लिए, बाकी 3 हजार लेते समय दबोचा
बताया गया है कि आरोपी अधिकारी कथित तौर पर पहले ही 5,000 रुपये ले चुका था। इसके बाद जब वह शेष 3,000 रुपये ले रहा था, तभी एसीबी फरीदाबाद की टीम ने जाल बिछाकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
ACB इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह की टीम ने की कार्रवाई
इस ट्रैप कार्रवाई को एसीबी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह की टीम ने अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
Hodal, Palwal | Oct 17, 2026