*उरई नगर पालिका में वित्तीय घपलों की जांच शुरू, तीन साल का रिकॉर्ड तलब*
उरई। नगर पालिका परिषद उरई में पिछले तीन वर्षों के विकास कार्यों में बरती गई कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। उपजिलाधिकारी जालौन रिंकू सिंह राही ने वर्ष 2023-24 से 2026-27 तक के विकास कार्यों, निविदाओं और भुगतानों से संबंधित संपूर्ण अभिलेख तलब कर लिए हैं। इस कार्रवाई से पालिका प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि लंबे समय से सभासद अधिशासी अधिकारी रामअचल कुरील पर चहेते ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने, बिना काम के भुगतान करने और मनमाने टेंडर आवंटन के गंभीर आरोप लगाते रहे हैं। जांच के दायरे में सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत, घंटाघर की लाइटें, लाइब्रेरी से सामान गायब होने और रैन बसेरा संचालन से जुड़े विवादित भुगतान प्रमुख हैं। प्रशासन द्वारा सभी एमबी और कार्य पूर्णता प्रमाणपत्र मांगे जाने के बाद कर्मचारी पुराने रिकॉर्ड जुटाने में जुटे हैं। यदि जांच में वित्तीय नियमों का उल्लंघन साबित हुआ, तो दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है।
Orai, Jalaun | Jun 25, 2026