
खाकी हुई शर्मसार: 24.90 लाख की लूट में जालौन पुलिस लाइन के तीन सिपाही गिरफ्तार
झांसी में कारोबारी के मुंशी का कथित अपहरण कर लूट की वारदात, छुट्टी लेकर पहुंचे थे आरोपी सिपाही; तीनों निलंबित, विभागीय जांच शुरू
रिपोर्ट: जितेंद्र गुप्ता | बोल दो भारत
झांसी में ड्राई फ्रूट कारोबारी के मुंशी से 24.90 लाख रुपये की लूट के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच के दौरान जालौन पुलिस लाइन में तैनात तीन कांस्टेबलों के नाम सामने आने के बाद झांसी पुलिस की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान मनोज, राघवेंद्र और नीरज के रूप में हुई है। तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, गुजरात के सूरत निवासी ड्राई फ्रूट कारोबारी जितेंद्र पटेल का व्यापार उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई जिलों में फैला हुआ है। उनके मुंशी किशन पांचाल गुरुवार शाम अपने एक साथी के साथ झांसी क्षेत्र के व्यापारियों से 24.90 लाख रुपये की नकद वसूली कर स्कूटी से लौट रहे थे।
आरोप है कि मिनर्वा चौराहे के पास सुरेश होटल के सामने काले रंग की एक क्रेटा कार में सवार पांच लोगों ने उनकी स्कूटी रोक ली। आरोपी पुलिस की वर्दी में थे, जिससे किसी को शक नहीं हुआ। दोनों को जबरन कार में बैठाकर करीब डेढ़ घंटे तक अलग-अलग रास्तों पर घुमाया गया। इसके बाद नकदी से भरा बैग छीनकर उन्हें कानपुर बाईपास के पास उतार दिया गया और आरोपी फरार हो गए।
घटना के बाद मुंशी किशन पांचाल ने अपने मालिक को पूरी जानकारी दी। इसके आधार पर झांसी में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया। झांसी पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्ध क्रेटा कार दिखाई दी। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस जालौन पुलिस लाइन में तैनात तीनों कांस्टेबलों तक पहुंच गई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सिपाही पहले झांसी में तैनात रह चुके थे और उन्हें मुंशी की नकद वसूली की गतिविधियों की जानकारी थी। पुलिस के अनुसार, तीनों कांस्टेबलों ने छुट्टी लेकर वारदात को अंजाम दिया।
रविवार को झांसी पुलिस की टीम जालौन पुलिस लाइन पहुंची और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने मामले को गंभीर मानते हुए तीनों कांस्टेबलों को तत्काल निलंबित कर दिया है तथा विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं।
फिलहाल झांसी पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो यह मामला उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला माना जा रहा है।
#uppolice #jalaunpolice #jhansipolice #Lootcase #robbery #jhansi #झांसी #जालौन #jalaun #orai #TheftCase #viralpost #up92
Orai, Jalaun | Jul 13, 2026