
जिला स्तरीय बैंक समिति की बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में बैंक अधिकारियों की जिला स्तरीय समीक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक में केन्द्र तथा राज्य सरकार की विभिन्न बैंकिंग एवं ऋण संबंधी योजनाओं पर विचार विमर्श किया गया। अधिकारियों ने बैंकिंग क्षेत्र की प्रगति, वित्तीय समावेशन, ऋण वितरण एवं विभिन्न सरकार प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें और पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक लाभान्वित करें। उन्होंने बैंक अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए जिले में ऋण प्रवाह बढ़ाने तथा वित्तीय समावेशन को अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।
आरबीआई के एजीएम धर्मेंद्र चौहान ने बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता, डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा एवं वित्तीय जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
आरसेटी निदेशक नीरज गोपालिया ने ग्रामीण युवाओं के लिए उपलब्ध निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में बताया तथा राजीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार हेतु प्रशिक्षण दिलाने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को सूचीबद्ध करने की अपील की।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, बैंक ऑफ बड़ौदा के उप क्षेत्रीय प्रमुख विकास नारंग, राजस्थान ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय प्रमुख सुदर्शन पारीख, नाबार्ड जिला विकास प्रबंधक पुनीत हरित, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक पंकज कुमार मीणा, अग्रणी जिला प्रबंधक प्रदीप कुमार, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।