60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मिलेगी मुफ्त बस यात्रा की सुविधा
#लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में वरिष्ठ महिलाओं को UPSRTC की साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
सरकार के इस निर्णय का उद्देश्य बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। कैबिनेट के फैसले के अनुसार 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही लोक कल्याण संकल्प-2022 के तहत सशक्त नारी संकल्प को भी बल दिया गया है। वरिष्ठ महिलाओं को सुविधा का लाभ आसानी से मिल सके, इसके लिए UPSRTC की ओर से उनके लिए विशेष स्मार्ट कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश की बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में यात्रा के दौरान आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।