
अवैध शराब तस्करी नेटवर्क पर अजमेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 गिरफ्तार
नगर निकाय चुनाव के बीच अलवर गेट थाना क्षेत्र में दबिश, 78 पव्वे देशी शराब और 19 बीयर की बोतलें जब्त
अजमेर। नगर निकाय चुनाव 2026 के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ अजमेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला स्पेशल टीम अजमेर और अलवर गेट थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 78 पव्वे देशी शराब, 19 बीयर की बोतलें जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार 10 सितंबर को जिला स्पेशल टीम के प्रभारी शंकर सिंह रावत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अलवर गेट थाना क्षेत्र के किरणीपुरा स्थित बीपीएल क्वार्टर में चंदा नामक महिला दो युवकों बादल और आकाश के साथ मिलकर अवैध शराब बेच रही है। सूचना पर स्पेशल टीम और अलवर गेट थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश दी।
पुलिस टीम को मौके पर एक महिला और दो व्यक्ति मिले। उनके पास रखे दो कार्टन और एक कट्टे की तलाशी लेने पर 180 एमएल के 35 पव्वे नीले ढक्कन वाली देशी शराब, 180 एमएल के 43 पव्वे केसरीया देशी शराब तथा 19 बीयर की बोतलें बरामद हुईं। आरोपियों से शराब रखने और बेचने का लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वे कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सके।
पुलिस ने चंदा पत्नी सरफुद्दीन (46), बादल सेन (24) और आकाश सेन (26) को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के संबंध में अलवर गेट थाने में प्रकरण संख्या 264/2026 के तहत आबकारी अधिनियम एवं अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Ajmer Police Rajasthan
@
Ajmer, Ajmer | Sep 11, 2026