
गंगापुर में आतिशबाजी की 129 दुकानों की लॉटरी निकली, पहले 117 का आवंटन
राउमावि खेल मैदान में तैयार हो रहा अस्थाई बाजार, दुकानदारों को अग्निशमन यंत्र और पानी का ड्रम रखना होगा
गंगापुर सिटी।
दीपावली पर आतिशबाजी की बिक्री के लिए गंगापुर सिटी में अस्थाई दुकानों के आवंटन की लॉटरी गुरुवार को निकाली गई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय के सभागार में नगर परिषद आयुक्त नरसी मीणा ने दोपहर 12:30 बजे प्रक्रिया शुरू करवाई। कुल 129 आवेदनों के लिए लॉटरी निकाली गई। पहले 117 आवेदकों को दुकानों का आवंटन किया गया, इसके बाद शेष 12 आवेदनों की लॉटरी निकाली गई।
हर साल दीपावली पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में अस्थाई आतिशबाजी बाजार लगाया जाता है। इस बार भी बाजार के लिए प्रशासन को 129 आवेदन प्राप्त हुए थे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुदर्शन सिंह तोमर ने 5 नवंबर को लॉटरी निकालने के आदेश जारी किए थे। लॉटरी से पहले आवेदकों ने 117 दुकानों के लिए पहले आवंटन करने की मांग पर पहले 117 आवेदकों की लॉटरी निकलवाई गई। इसके बाद शेष 12 आवेदनों के लिए भी लॉटरी निकाली गई।
आयुक्त ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि प्रत्येक दुकान के आगे 6 किलो वजनी अग्निशमन यंत्र, बाल्टी और पानी से भरा एक ड्रम रखना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने दुकानदारों को सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखते हुए निर्देशों की पालना करने को कहा है।