
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली के लखनऊ आगमन पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी के आवास पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे, जिससे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल नजर आया।
इस दौरान दानिश आजाद अंसारी ने समाजवादी पार्टी की कथित वोट बैंक की राजनीति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज का वोट किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं है। लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी पसंद के राजनीतिक दल को चुनने का अधिकार है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक मुस्लिम समाज को केवल वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल करने वाली राजनीति अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली। आज मुस्लिम समाज का युवा शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा, विकास और सम्मान के मुद्दों पर अपनी राजनीतिक पसंद तय कर रहा है।
दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बिना भेदभाव के विकास और जनकल्याण की योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा लगातार मुस्लिम समाज के बीच संवाद और संपर्क बढ़ा रही है तथा बड़ी संख्या में युवा भाजपा से जुड़ रहे हैं।
कुंवर बासित अली के स्वागत में उमड़ी भीड़ को भाजपा ने अल्पसंख्यक समाज के बीच संगठन की बढ़ती सक्रियता और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
#DanishAzadAnsari #KunwarBashitAli #BJP #BJPMinorityMorcha #SamajwadiParty #SP #Lucknow #UttarPradesh #MuslimYouth #VoteBankPolitics