
राहुल शाह को राजनीति विज्ञान में पीएचडी उपाधि मिली: गोरखपुर महाविद्यालय से शोधार्थी ने शोध कार्य पूरा किया , परिवार में हर्ष का माहौल
सामान्य किसान परिवार से निकलकर राहुल शाह ने हासिल की डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी की उपाधि
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के शोधार्थी राहुल शाह ने शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पीएचडी (डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी) की उपाधि प्राप्त की है। विश्वविद्यालय में आयोजित दीक्षांत एवं शोधार्थी सम्मान समारोह के दौरान उन्हें यह उपाधि प्रदान की गई।
राहुल शाह का यह सफर विशेष रूप से प्रेरणादायक है। एक सामान्य किसान परिवार में जन्मे राहुल शाह ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के बल पर शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सफलता हासिल की। उन्होंने उदित नारायण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पडरौना, कुशीनगर से राजनीति विज्ञान विषय में एम.ए. की परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। इसके बाद छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते हुए वे छात्र संघ महामंत्री भी रहे।
इसके उपरांत राहुल शाह ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से एल.एल.बी. की शिक्षा प्राप्त की। अध्ययन के प्रति उनकी निरंतर रुचि और शोध के प्रति समर्पण ने उन्हें राजनीति विज्ञान विषय में पीएचडी की ओर अग्रसर किया। लंबे समय तक किए गए अध्ययन, शोध एवं अकादमिक परिश्रम के बाद उन्होंने अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया और डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त कर ‘राहुल शाह’ से ‘डॉ. राहुल शाह’ बनने का गौरव हासिल किया।
विश्वविद्यालय में 45वें दीक्षांत समारोह के उपरांत 18 अगस्त को पीएचडी उपाधि प्राप्त शोधार्थियों के लिए विशेष ‘शोधार्थी सम्मान समारोह-2026’ आयोजित किया गया, जिसमें 470 से अधिक शोधार्थियों को आमंत्रित किया गया था।
डॉ. राहुल शाह ने अपनी उपलब्धि पर कहा, “यह उपलब्धि मेरे माता-पिता, गुरुजनों, परिवार और शुभचिंतकों के आशीर्वाद एवं सहयोग का परिणाम है। एक सामान्य किसान परिवार से निकलकर यहां तक पहुंचना मेरे लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। आगे भी शोध एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने का प्रयास करता रहूंगा।”
उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों, मित्रों एवं नगर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
सामान्य किसान परिवार से शुरू हुआ यह सफर आज ‘डॉ. राहुल शाह’ तक पहुंचा है, जो युवाओं के लिए मेहनत, संघर्ष और शिक्षा के महत्व की प्रेरणादायक मिसाल है।
#KushinagarNews #ddugkp