
छपरा को बड़ी सौगात! 19 जून से चलेगी नई दिल्ली एक्सप्रेस, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन...
#छपरा | सारण वासियों के लिए एक बड़ी और बेहद खुशी की खबर है. आगामी 19 जून 2026 को छपरा से नई दिल्ली (आनंद विहार) के लिए एक नई एक्सप्रेस रेल सेवा की शुरुआत होने जा रही है. इस नई ट्रेन के परिचालन से सारण और आसपास के जिलों के यात्रियों को देश की राजधानी के लिए एक सीधा, सुलभ और आरामदायक सफर का विकल्प मिलेगा. इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए खुद केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री छपरा पहुंच रहे हैं.
सारण के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की है. उन्होंने बताया कि आगामी 19 जून को इस नई रेल सेवा का भव्य उद्घाटन किया जाएगा. मुख्य अतिथि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पटना पहुंचने के बाद सोनपुर होते हुए छपरा आएंगे और हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे. विशिष्ट अतिथि बिहार के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी इस उद्घाटन समारोह में विशेष रूप से मौजूद रहेंगे. छपरा जंक्शन पर इस नई सौगात को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं, जहां अतिथियों और नई ट्रेन का भव्य स्वागत किया जाएगा.
सांसद राजीव प्रताप रूडी के प्रयासों को मिली सफलता..
सारण क्षेत्र के लोगों की यह लंबे समय से मांग थी कि दिल्ली के लिए एक और सीधी और सुविधाजनक ट्रेन सेवा मिले. सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि सारण में रेल सुविधाओं के विस्तार और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट को लेकर रेल मंत्रालय लगातार सकारात्मक कदम उठा रहा है.
"सारण की जनता की जन अपेक्षाओं और मांगों के अनुरूप यह एक बड़ी सौगात है. मैंने रेल मंत्री को छपरा और सारण क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और अन्य लंबित मांगों से भी अवगत कराया है, जिस पर आगे भी काम जारी रहेगा." - राजीव प्रताप रूडी, सांसद (सारण)
अब छपरा और आसपास के जिलों के लोगों को दिल्ली जाने के लिए अन्य ट्रेनों में सीटों की मारामारी से राहत मिलेगी. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) से सीधा संपर्क होने के कारण नौकरीपेशा, छात्रों और व्यापारियों को सबसे ज्यादा फायदा पहुंचेगा. नई एक्सप्रेस सेवा होने के कारण यह रूट के अन्य स्टेशनों को जोड़ते हुए कम समय में सफर पूरा करेगी.
सारण में इस नई रेल सेवा के शुरू होने की खबर से स्थानीय लोगों और यात्रियों में भारी उत्साह का माहौल है.
Chapra, Saran | Jun 15, 2026