
कसोल-मणिकरण में नशे और अवैध पार्टियों पर शिकंजा, 100 हेक्टेयर भांग की खेती नष्ट
कुल्लू, 22 अगस्त। कसोल-मणिकरण घाटी को नशामुक्त, सुरक्षित और स्वच्छ पर्यटन स्थल बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का फैसला लिया है। कसोल में आयोजित नशा निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एवं सह-अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने की। बैठक में एसपी कुल्लू अभिषेक सेकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, होटल-होम स्टे संचालक, महिला और युवा मंडल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में नशे की तस्करी, बिक्री और सेवन के साथ अवैध म्यूजिक पार्टियों पर रोक लगाने, प्रवासी श्रमिकों के सत्यापन और सी-फॉर्म नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। स्थानीय लोगों और होटल संचालकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की गई।
पर्यटन सीजन में यातायात, पार्किंग, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया। वन विभाग ने बताया कि पुलिस और वन विभाग के संयुक्त अभियान में घाटी में करीब 100 हेक्टेयर अवैध भांग की खेती नष्ट की जा चुकी है। अभियान को 15 सितंबर तक और प्रभावी ढंग से जारी रखने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रशासन ने कसोल-मणिकरण घाटी में नशे के खिलाफ कार्रवाई और निगरानी के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा नियमित बैठकें जारी रखने का निर्णय लिया।
#Kasol #Manikaran #Kullu #DrugFreeKasol #DrugFreeHimachal #SafeKasol #KulluPolice #UTHimachal #UniqueTodayNews