
छठ महापर्व को लेकर विद्युत विभाग अलर्ट, जिले के सभी छठ घाटों पर तैनात रहेंगे लाइनमैन,
नहाय-खाय से उषा अर्घ्य तक चार दिनों तक विद्युतकर्मियों की रहेगी ड्यूटी, आपात स्थिति से निपटने के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर,
शिवहर। लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन के साथ विद्युत विभाग भी पूरी तरह अलर्ट हो गया है। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए जिले के सभी छठ घाटों पर लाइनमैन की विशेष रूप से तैनाती की गई है। नहाय-खाय से लेकर संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य तक लगातार चार दिनों तक विद्युतकर्मी घाटों पर मुस्तैद रहेंगे।
विद्युत कार्यपालक अभियंता छविन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि छठ महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। विशेषकर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग देर रात तथा अहले सुबह घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में पर्याप्त रोशनी और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले के सभी छठ घाटों पर लाइनमैन की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि तैनात विद्युतकर्मी घाटों पर लाइट, बिजली के तार और ट्रांसफार्मर की लगातार निगरानी करेंगे। किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उसका समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही छठ घाटों के आसपास जर्जर तारों को दुरुस्त किया गया है। लूज तारों को ठीक करने और झुके हुए बिजली के पोल को व्यवस्थित करने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।
समस्या होने पर जारी नंबरों पर करें संपर्क
विद्युत विभाग ने आकस्मिक विद्युत समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए जिला नियंत्रण कक्ष सहित विभिन्न विद्युत शक्ति उपकेंद्रों एवं कनीय विद्युत अभियंताओं के मोबाइल और व्हाट्सएप नंबर जारी किए हैं। कार्यपालक अभियंता ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि बिजली से संबंधित किसी भी समस्या पर तत्काल विभाग को सूचना दें। सूचना मिलते ही संबंधित टीम मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी।
बिजली के तार और पोल से दूर रहें श्रद्धालु
कार्यपालक अभियंता ने व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिजली के तारों और पोल के आसपास डीजे, लाउडस्पीकर लगाने तथा पानी का छिड़काव करने से बचें। कहीं भी बिजली का तार टूटा हुआ दिखाई दे या चिंगारी निकलती नजर आए तो उसे स्वयं ठीक करने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल विभाग को सूचना दें।
विद्युत विभाग द्वारा जारी संपर्क नंबर
कार्यालय/पदाधिकारी मोबाइल नंबर
जिला नियंत्रण कक्ष 9264456402
विद्युत शक्ति उपकेंद्र, शिवहर 7763815510
विद्युत शक्ति उपकेंद्र, तरियानी 7763815511
विद्युत शक्ति उपकेंद्र, पिपराही 7763818428
विद्युत शक्ति उपकेंद्र, नयागांव डुमरी कटसरी 6287742470
कनीय विद्युत अभियंता, शिवहर 7763814798
कनीय विद्युत अभियंता, पिपराही 7763818362
कनीय विद्युत अभियंता, डुमरी कटसरी 7763818361
कनीय विद्युत अभियंता, पुरनहिया 9262793165
कनीय विद्युत अभियंता, तरियानी 7763818360
सहायक विद्युत अभियंता, शिवहर 7763815188
विद्युत विभाग की इस विशेष तैयारी से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग ने महापर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति और त्वरित शिकायत निवारण सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।