
सात एकड़ में फैले अवैध निर्माण ध्वस्त किए
रेवाड़ी। जिला नगर योजनाकार विभाग ने बुधवार को दो अवैध कॉलोनियों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की। यह कार्रवाई डवाना और लालपुर गांव में की गई। इसमें करीब सात एकड़ क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माणों को हटाया गया।
जिला नगर योजनाकार नरेंद्र नैन ने बताया कि डवाना गांव में चार एकड़ क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित हो रही थी। इसमें चार डीपीसी, पांच प्रीकास्ट चारदीवारी और कच्चे रोड नेटवर्क को जेसीबी से ध्वस्त किया गया। वहीं, लालपुर गांव में तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी में भी कार्रवाई हुई। यहां तीन डीपीसी और कच्चे रोड नेटवर्क हटाए गए। यह कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई। भारी पुलिस बल की सहायता से इसे शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया।
जिला नगर योजनाकार नरेंद्र नैन ने लोगों से अपील की कि नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्र में बिना विभागीय अनुमति कोई निर्माण न करें। प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित कॉलोनी की वैधता जिला नगर योजनाकार कार्यालय से जांच लें। उन्होंने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट बेचकर लोगों को गुमराह करते हैं। इससे खरीदारों को बाद में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। जिला नगर योजनाकार कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर कॉलोनी की वैधता की जानकारी मिल सकती है।
Rewari, Rewari | Jul 23, 2026