माँ मुंडेश्वरी धाम में विधि-व्यवस्था को लेकर डीएम ने किया औचक निरीक्षण, पार्किंग के लिए 4 स्थल चिह्नित
कैमूर। माँ मुंडेश्वरी धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला पदाधिकारी, कैमूर ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने दंडाधिकारियों की तैनाती, वाहन परिचालन और पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। वाहनों के लिए 4 पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए - माँ मुंडेश्वरी होटल के बगल में, होटल रंगमंच के पास, मुंडेश्वरी पार्क के समीप और हनुमान गढ़ी रोड के पास। सभी स्थलों पर एंट्री-एग्जिट बोर्ड और होर्डिंग लगाने का निर्देश दिया।
उन्होंने मंदिर आने-जाने वाले मार्गों पर ड्रॉप गेट, बैरिकेडिंग लगाने और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण में हनुमान गढ़ी रोड खराब मिलने पर कार्यपालक अभियंता को तत्काल मरम्मत का निर्देश दिया।
साथ ही मंदिर न्यास के सचिव को वॉलंटियरों को सक्रिय करने, न्यास के वाहनों का नियमित रखरखाव और वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।