
हाटपीपल्या में टीन चद्दर चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने करीब 2 लाख रुपये कीमत की 50 टीन चद्दरें की बरामद
हाटपीपल्या। थाना हाटपीपल्या पुलिस ने टीन की चद्दरें चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई करीब 50 टीन शेड चद्दरें, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये बताई गई है, बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, हाटपीपल्या निवासी अनोखीलाल पिता छगनलाल राजोरिया (45) ने टीन की चद्दरें चोरी होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने गोपाल पिता प्रहलाद सिंह राठौड़, निवासी घुड़िया को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने टीन की चद्दरें चोरी करने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई करीब 50 टीन की चद्दरें बरामद कर जब्त कर लीं। बरामद मशरुका की कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) एच.एन. बाथम के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बागली संजय सिंह बेस के निर्देशन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी हाटपीपल्या निरीक्षक दीपक यादव ने किया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक यादव, उप निरीक्षक कविता माले, प्रधान आरक्षक राहुल संतौर, प्रधान आरक्षक अनिल मनी, आरक्षक अमित नाहर, सैनिक जालम सिंह राजपूत एवं सैनिक अर्जुन सिंह राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।